– भाराछासं महिला विंग ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 05 मार्च.मनीष दुबे। लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोपरि रखते हुए केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के विरुद्ध लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्रसंघ महिला विंग की मप्र अध्यक्ष शांति कुशवाह के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शांति कुशवाह ने कहा कि लोकतंत्र की गरिमा तभी सुरक्षित है जब सत्ता में बैठे लोग जवाबदेह हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि केन्द्रीय मंत्री पर लगे आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। जब तक इस मामले की निष्पक्ष और स्पष्ट जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। सरकार को इस दिशा में बिना किसी देरी के पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए। विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला विंग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस मौके पर नीलम जाटव, ममता, मिथलेश, कमलाबाई, दुलारी बाई उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की और प्रशासन से मांग की कि उनके ज्ञापन को उचित माध्यम से केन्द्र सरकार तक पहुंचाया जाए।


