– जनप्रतिनिधियों के घरों पर भी उत्सव की धूम
भिण्ड, 05 मार्च। जिले में बुधवार को होली का त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और गांवों में रंग-गुलाल की बौछारें शुरू हो गईं। गली-मोहल्लों में युवाओं की टोलियां मस्ती करती नजर आईं। कई जगह युवाओं ने परंपरागत अंदाज में भी खेली, जिससे माहौल और रंगीन हो गया।
होली पर लोगों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। शहर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में डीजे की धुन पर युवा थिरकते रहे। रंग बरसे, राधा खेले श्याम और बरसाने में होली जैसे गीतों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के निवास पर भी होली की धूम रही। समर्थक अपने नेताओं के घर पहुंचकर गुलाल लगाते और बधाई देते नजर आए। विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने अपने भिण्ड स्थित निवास पर समर्थकों के साथ होली मनाई। वहीं पूर्व विधायक संजीव सिंह कुावाह के घर पर भी शुभचिंतकों की भीड़ लगी रही। लहार विधायक अंबरीष शर्मा गुड्डू ने अपने पैतृक गांव सिकरी में परिवार और क्षेत्रवासियों के साथ होली खेली। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। गोहद क्षेत्र में लालसिंह आर्य ने समर्थकों के साथ होली मनाकर सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। होली के अवसर पर प्रशासन भी सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिलेवासियों ने शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ रंगों का त्योहार मनाया।
आलमपुर में धूमधाम से मनाया गया होली का त्यौहार
खाटूश्याम परिवार आलमपुर द्वारा श्याम आश्रम पर होली का त्यौहार उत्साह पूर्वक धूमधाम से मनाया गया है। होली उत्सव के दौरान खाटू श्याम परिवार के सदस्यों ने एक दूसरे को रंग, गुलाल लगाकर होली खेली और फिर डीजे बैंड पर बज रहे धार्मिक गानों पर जमकर नाचे। इसी प्रकार नगर के युवाओं एवं बच्चें ने टोलियां बनाकर अपने-अपने साथियों पर रंग और गुलाल डालकर होली खेली, तो वहीं नगर के बड़े बुजुर्गों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी होली की शुभकामनाएं देने का सिलसिला चलता रहा। आलमपुर में होली का त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से आलमपुर थाना प्रभारी नगर निरीक्षक रवि उपाध्याय पुलिस बल के साथ कस्बे में लगातार भ्रमण कर माहौल पर नजर रखे हुए थे। आलमपुर के आसपास के गांवों में भी होली का पर्व भाईचारे के साथ उल्लास पूर्वक मनाया गया है।


