– सर्वाइकल कैंसर के बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ
भिण्ड, 01 मार्च.मनीष दुबे। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शनिवार को एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ हुआ। जिले में 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की लगभग 20 हजार बालिकाओं को आगामी 90 दिनों में टीकाकृत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिले में कुल 8 टीकाकरण केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें जिला चिकित्सालय भिण्ड, सीएचसी गोहद, सीएचसी रौन, सीएचसी लहार, सीएचसी फूप, सीएचसी अटेर, सीएचसी मेहगांव, सीएचसी अमायन में टीका लगाए जाएंगे। सीएमएचओ भिण्ड ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए निशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है, किशोर अवस्था में टीका लगाने से कैंसर का जोखिम 85 प्रतिशत कम हो जाता है। सर्वाइकल कैंसर एक रोकने योग्य कैंसर है। शुरुआती जांच और एचपीवी वैक्सीन से इसकी रोकथाम संभव है। सभी पालक अपनी 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु अपने परिवार एवं आस-पड़ोस के लोगों को भी प्रेरित करें। जिले में अभी तक कुल 12 बालिकाओं को टीकाकरण किया गया है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु जिले में 20 हजार बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।


