– जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक संपन्न
भिण्ड, 28 फरवरी.मनीष दुबे। जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में आयोजित की गई। जिसमें अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भिण्ड, समस्त सहायक यंत्री, समस्त उपयंत्री एवं बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने निर्देशित किया कि भिण्ड जिले में जो योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें ग्राम पंचायत को शीघ्र ही हस्तांतरित किया जाए एवं जो भी योजनाएं प्रगतिरत हैं, उन योजनाओं को भी शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही निर्देशित किया कि आगामी ग्रीष्मकाल हेतु सभी ग्रामों में हैण्डपंप एवं नल-जल योजना के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए एवं जिला व विकास खण्ड स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन किया जाए। कलेक्टर ने सख्त निर्देश जारी कर कहा कि छोटी-छोटी कमियों की वजह से कोई योजना बंद नहीं रहनी चाहिए। कमियों को शीघ्रता से दूर कर सभी कार्य तेजी से पूर्ण करें।


