– शुभारंभ 28 फरवरी को, 90 दिन तक चलेगा विशेष अभियान
भिण्ड, 27 फरवरी। जिले में 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर के टीके लगेंगे, इस हेतु 28 फरवरी को जिला चिकित्सालय भिण्ड में शुभारंभ किया जाएगा। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले केंसरों में भारत में दूसरा सबसे मुख्य कैंसर है। भारत शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा भिण्ड 14 वर्ष से 15 वर्ष तक की बेटियों को एचपीव्ही वैक्सीन का टीकाकरण प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। प्राइवेट में यह टीका 4 से 12 हजार रुपए तक का लगाया जाता है, जिसे प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार यह टीका शासकीय चिकित्सालयों में नि:शुल्क लगाया जाएगा। जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा 28 फरवरी को अजमेर राजस्थान से किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव ने बताया कि भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर मृत्यु का एक आम कारण बनता जा रहा है। हर साल 1.25 लाख महिलाएं इसकी चपेट में आती हैं और 75 हजार से 80 हजार की मृत्यु हो जाती है। किशोरावस्था में यह टीका लगने से 30 वर्ष की उम्र तक कैंसर का जोखिम 85 प्रतिशत तक कम हो जाता है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन के टीकारण हेतु जिले में समस्त वैक्सीनेटर, सीएचओ व कोल्डचौन हेण्डलर को प्रशिक्षित किया जा चुका है तथा अभियान हेतु प्रारंभिक तौर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोहद, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मेहगांव, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रौन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लहार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फूप, सामुदायिक स्वास्थ्य कन्द्र अटेर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमायन तथा जिला चिकित्सालय भिण्ड में एचपीवी वैक्सीन का टीकाकरण किया जाएगा।

