– विधायक फूलसिंह बैरिया ने सदन में उठाई सिक्स लेन बनाने की मांग
भोपाल, 27 फरवरी। विधायक फूलसिंह बरैया ने मप्र विधानसभा में ग्वालियर-इटावा हाईवे को ‘मौत का हाईवे’ बताते हुए इसे सिक्स लेन में परिवर्तित करने की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों से आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल है, लेकिन सरकार अब तक गंभीरता नहीं दिखा रही है।
विधानसभा में मुद्दा उठाते हुए बरैया ने कहा कि इस सड़क पर औसतन प्रतिदिन दो लोगों की मौत हो रही है। कहीं किसी घर का चिराग बुझ रहा है, तो कहीं किसी परिवार से पिता का साया छिन रहा है। कई परिवारों की माताएं, बहनें इस हाईवे पर हो रहे हादसों में अपने प्रियजनों को खो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि लोगों के लिए भय और असुरक्षा का प्रतीक बन गई है।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि बार-बार मांग रखने के बावजूद इस मार्ग को सिक्स लेन बनाने की दिशा में ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। बरैया ने कहा कि यह हाईवे ग्वालियर, भिण्ड और आसपास के जिलों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन खराब डिजाइन, बढ़ता ट्रैफिक और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यहां हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
विधायक ने सरकार से तत्काल इस मार्ग का सर्वे कराकर इसे सिक्स लेन में बदलने, डिवाइडर, सर्विस रोड, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र की जनता में भी लंबे समय से नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आए दिन हो रहे हादसों के कारण यह मार्ग ‘मौत का हाईवेÓ बन गया है और अब केवल घोषणाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि जल्द ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।


