– जिले के सभी कॉलेजों के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे
भिण्ड, 26 फरवरी.मनीष दुबे। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शा. एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 : आपातकाल के 50 वर्ष विषय पर 28 फरवरी को युवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में किए जाने के तारतम्य में गुरुवार को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरए शर्मा की अध्यक्षता एवं एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अनीता बंसल के नेतृत्व में आयोजित की गई। जिसमें जिले के समस्त शासकीय और अनुदानित तथा प्राइवेट महाविद्यालय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरए शर्मा ने बताया कि विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 28 फरवरी को सुबह 10 बजे से स्थानीय एम जे एस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिण्ड परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय है, आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक। यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं और संसदीय प्रणाली की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अध्याय आपातकाल (1975-77) के संदर्भ में चर्चा, विचार-विमर्श और तर्कपूर्ण प्रस्तुति का अवसर मिलेगा। युवाओं को मिलेगा मंच जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट में भिण्ड जिले के वे सभी विद्यार्थी सहभागिता कर सकेंगे, जिन्होंने ‘माय भारतÓ पोर्टल पर अपना पंजीयन कराया है तथा जिनकी आयु 18 से 25 वर्ष के बीच है। पात्र प्रतिभागी संसदीय प्रक्रिया की तर्ज पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों पर संवाद स्थापित करेंगे।इस मंच के माध्यम से युवा न केवल इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण करेंगे, बल्कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के सुझाव भी प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, अभिव्यक्ति कौशल तथा संवैधानिक समझ का विकास करना है।विषय की प्रासंगिकता आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबकÓ विषय आज के परिप्रेक्ष्य में अत्यंत महत्वपूर्ण है,आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक ऐसा दौर रहा, जिसने शासन व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और संविधान की मूल भावना को लेकर व्यापक बहस को जन्म दिया। यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से युवा उस कालखंड से जुड़े तथ्यों, अनुभवों और सीखों पर विचार करेंगे तथा यह समझने का प्रयास करेंगे कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती क्यों आवश्यक है,लोकतांत्रिक चेतना को बढ़ावा आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। यह कार्यक्रम युवाओं को अपनी आवाज लोकतांत्रिक तरीके से रखने का अवसर देता है, जिससे वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और प्रभावी नेतृत्वकर्ता बन सकें।कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। प्रतिभागियों का चयन निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगामी स्तरों पर प्रतिनिधित्व का अवसर भी प्राप्त हो सकता है। सहभागिता हेतु अपील, आयोजकों द्वारा जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में सहभागिता कर इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दें। यह कार्यक्रम युवाओं के लिए न केवल एक प्रतियोगिता है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और उन्हें आत्मसात करने का एक सशक्त माध्यम भी है।
इस अवसर पर डॉ. अभिषेक यादव, डॉ. आभास अस्थाना, डॉ. श्यामजी निगम, डॉ. रविकांत सिंह, डॉ. आशीष गुप्ता, डॉ. फरजाद, डॉ. गजेन्द्र सिंह सहित महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।


