– नवांकुर समितियों की एक दिवसीय जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
भिण्ड, 24 फरवरी। मप्र जन अभियान परिषद अंतर्गत जिलेभर की नवांकुर समितियों की एक दिवसीय समीक्षा बैठक का आयोजन जिला मुख्यालय पर किया गया। जिसमें जिले के सभी विकास खण्डों से नवांकुर संस्थाओं एवं समन्वयकों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्देश्य नवांकुर समितियों द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनजागरूकता संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना को सुदृढ़ बनाना था।
मुख्य अतिथि जन अभियान परिषद के चंबल संभाग समन्वयक धर्मेन्द्र सिसोदिया ने कहा कि नवांकुर समितियां समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम बन रही हैं। उन्होंने सभी समितियों से अपेक्षा की कि वे ग्राम स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने जिले में संचालित नवांकुर गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि समितियां नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं पर चर्चा एवं समाधान का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि नवांकुर समितियों द्वारा संचालित नर्सरी कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, वहीं संस्कार केन्द्रों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में नैतिक शिक्षा और सामाजिक मूल्यों का विकास किया जा रहा है। संस्कार केन्द्र से आदर्श ग्राम बनेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विकास खण्ड में इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। बैठक में विकास खण्ड समन्वयक अटेर सोहन सिंह भदौरिया, लहार सुनील चतुर्वेदी, मेहगांव जयप्रकाश शर्मा तथा गोहद बृजेन्द्र शर्मा शामिल रहे। सभी ने अपने-अपने विकास खण्डों में संचालित नवांकुर गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और बेहतर समन्वय के लिए सुझाव दिए। आभार प्रदर्शन विकास खण्ड समन्वयक बृजेन्द्र शर्मा ने किया।


