– भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री, केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री एवं मुख्यमंत्री को लिखे पत्र
भिण्ड, 24 फरवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्र.719 ग्वालियर-भिण्ड-इटावा को अतिशीघ्र विस्तारीकरण कर 6-लेन निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने की मांग को लेकर भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी तथा मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर भेजे हैं।
विधायक कुशवाह ने पत्र कहा है कि ग्वालियर-भिण्ड-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रं.719 के चौड़ीकरण को लेकर वर्ष 2022 में घोषणा कर दी गई थी, लेकिन उक्त घोषणा आज तक पूरी नहीं हुई है। वर्ष 2022 से लेकर अबतक 1029 हादसों में 337 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 1411 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन हादसों में कई परिवार ऐसे हैं जिनमें किसी ने अपना पालक व किसी ने इकलौता चिराग खोया है। उक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन दुर्घटना व अन्य कारणों से कई घण्टों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। भिण्ड शहर के बीचों बीच से यह राजमार्ग गुजरने के कारण हमेशा अप्रिय घटना होने का अंदेशा बना रहता है। जिस कारण से शहर के प्रबुद्धजन व संतों द्वारा कई बार प्रदर्शन कर तथा क्षेत्रीय जनता द्वारा बार-बार मुझे ज्ञापन देकर उक्त राज्यमार्ग के विस्तारीकरण की मांग कर रहे हैं। इसलिए राष्ट्रीय राजमार्ग क्रं.719 ग्वालियर-भिण्ड-इटावा को अतिशीघ्र विस्तारीकरण कर 6-लेन निर्माण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश जारी करें।


