– नगर पालिका भिण्ड में कर्मचारियों के वेतन, एरियर भुगतान हेतु कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
भिण्ड, 24 फरवरी। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गुडडू वाल्मीकि एडवोकेट ने नगर पालिका परिषद भिण्ड में सफाई कर्मचारियों, जलप्रदाय कर्मचारी, वाहन चालक, फायरब्रिगेड कर्मचारी, कार्यालय में पदस्थ स्थाई एवं अस्थाई सफाई कर्मचारियों को वेतन एवं एरियर का भुगतान करने के लिए कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट ने बताया है कि नगर पालिका परिषद भिण्ड में विगत 2-3 वर्ष से समय से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारियों को आर्थिक संकट आ गया है तथा कर्मचारी वर्ग कर्ज लेने पर मजबूर हैं। इसके अलावा यूनियन द्वारा 17 अक्टूबर 2025 को दिए ज्ञापन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत वर्मा ने दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारियों को 15 दिन के अंदर एरियर का भुगतान करने का आश्वासन दिया था। लेकिन उसके पश्चात भी निकाय के अधिकारियों के द्वारा न तो कर्मचारियों को समय से वेतन का भुगतान किया जा रहा है और न ही एरियर का भुगतान किया गया है। जिसके कारण कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि होली त्यौहार से पूर्व कर्मचारियों को जनवरी-फरवरी माह का वेतन तथा एरियर का भुगतान किया जाए। कलेक्टर ने नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारियों को शीघ्र वेतन का भुगतान किए जाने तथा एरियर का भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव रूपेश पाथरे, संभागीय अध्यक्ष प्रदीप धौलपुरिया, मीडिया प्रभारी रजत बंटी पाथरे, शिवम, हरेन्द्र, सुनील, अशोक आदि कर्मचारी मौजूद रहे।


