– जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन होंगे सम्मिलत होंगे
भिण्ड, 22 फरवरी। जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि भारत अमेरिका ट्रेड डील एवं मनरेगा में बदलाव कर मजदूरी के कानूनी अधिकार पर प्रहार के विरोध में तथा मप्र सरकार के तीन कलंकित मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार आगामी 24 फरवरी को प्रदेश स्तरीय विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी मुख्य रूप से रहेंगे।
त्रिपाठी ने बताया कि भारत अमेरिका ट्रेड डील देश की कृषि व्यवस्था पर सीधा हमला है। यह समझौता देश के छोटे, सीमांत, मध्यम किसानों, व्यापारियों को बाजार की असमान प्रतिस्पर्धा में धकेलने वाला है, यह डील देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को कमजोर कर बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ पहुंचाने का माध्यम बन रही है। साथ ही केन्द्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम परिवर्तन कर एवं उसके नियमों में बदलाव कर काम के कानूनी अधिकार को समाप्त करने की साजिश की गई है। यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि गरीब विरोधी मानसिकता का खुला प्रमाण है।
मप्र में कफ सीरफ से हुई मौतों के जिम्मेदार मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सेना अधिकारी एवं महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने बाले मंत्री विजय शाह तथा भागीरथपुरा में दूषित जलप्रदाय से हुई मौतों के लिए दोषी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अभी तक मंत्रिमण्डल में है। इन कलंकित मंत्रियों के इस्तीफे की मांग कांग्रेस पार्टी करती है। प्रदेश में भाजपा सरकार की असफलता के चलते प्रदेश व्यापक आर्थिक बदहाली और अराजकता के दौर से गुजर रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी इन जनविरोधी मुद्दों को लेकर आमजन के हितार्थ निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए दृढ़संकल्पित है। जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिक से अधिक शामिल होने की अपील की है।

