– रेल विभाग द्वारा अतिक्रमण स्वयं हटाने की अवधि पूर्ण
भिण्ड, 18 फरवरी। शहर के पुराने रेलवे स्टेशन के पास स्थिति भूमि पर अब अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई का सिलसिला आरंभ हो रहा है। इस हेतु सभी अतिक्रमणकर्ताओं को रेलवे ने नोटिस जारी किए है, जिसकी अवधि आज बुधवार को समाप्त हो गई है।
उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ खण्ड अभियंता कार्य भिण्ड ने नोटिस में उल्लेख किया है कि 12 फरवरी को निरीक्षण के दौरान भिण्ड के पुराने रेलवे स्टेशन पर रेलवे भूमि पर अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण किया हुआ पाया गया। इस संबंध में सभी अतिक्रमणकर्ताओं को नामजद नोटिस जारी कर कहा गया है कि वे सभी लोग सात दिवस के अंदर स्वयं उक्त रेलवे भूमि को रिक्त करें अन्यथा रेल नियमों के तहत आपके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। यहां बता दें कि नोटिस में दर्शाई गई तिथि से अतिक्रमण हटाए जाने संबंधी सात दिवस की अवधि बुधवार को समाप्त हो गई है लेकिन अतिक्रमण के हालात जस के तस बने हुए हैं। अब देखना है कि गुरुवार को रेल विभाग क्या कार्रवाई करता है।


