– रस्साकस्सी में जैन कॉलेज और वॉलीबॉल में चंदन का पुरा बना विजेता
भिण्ड, 15 फरवरी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ केन्द्र के निर्देशन में एवं वाटर वर्क्स सुभाष चंद्र बोस यूथ क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन जैन महाविद्यालय के खेल मैदान पर हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त रोमांच और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संत अनिल पाठक, जिला न्यायालय के चीफ काउंसिल हनुमंत बोहरे, जिला रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक पवन कुमार भीमटे एवं एनसीसी प्रभारी प्रो. संजय राणा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन युवती वर्ग में रस्साकस्सी और युवक वर्ग में वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। जिसमें जैन महाविद्यालय की टीम ने अपने कौशल और ताकत का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक भिण्ड की टीम उपविजेता रही। वहीं वॉलीबॉल (युवक वर्ग) के बेहद रोमांचक फाइनल मैच में चंदन का पुरा युवा मंडल की टीम विजयी रही, जबकि बर का पुरा की टीम को उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा।
खेलों से गढ़ा जाता है व्यक्तित्व
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संत अनिल पाठक ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर और एकाग्र मन का आधार हैं। चीफ काउंसिल हनुमंत बोहरे ने युवाओं को खेल भावना और अनुशासन के महत्व के बारे में बताया। सहायक निदेशक पवन कुमार भीमटे ने युवाओं को खेल के साथ-साथ करियर निर्माण के प्रति भी जागरूक किया। अतिथियों ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान अतिथियों का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
पुरस्कार वितरण एवं ‘बजट क्वेस्ट 2026’ की जानकारी
विजेताओं को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल, टी-शर्ट, निक्कर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर भिण्ड जिले के विभिन्न युवा मंडलों को स्पोर्ट्स किट का वितरण भी किया गया। जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू ने युवाओं को भारत सरकार की ‘बजट क्वेस्ट 2026’ प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए पंजीयन और क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ‘मेरा युवा भारत’ भिण्ड के कर्मियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें धर्मवीर सिंह, सौरभ चौधरी, अंकित चौधरी, भारती, दिशा, फूलसिंह, विश्वनाथ एवं पुनीत उपाध्याय आदि का विशेष सहयोग रहा। अंत में वाटर वर्क्स सुभाष चंद्र बोस यूथ क्लब के अध्यक्ष भूपेन्द्र उपाध्याय ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समापन के पश्चात सभी खिलाड़ियों और उपस्थित सदस्यों के लिए सुरुचिपूर्ण भोजन का भी आयोजन किया गया।


