– गौरी सरोवर का किया निरीक्षण, सफाई, बिजली और सुरक्षा पर विशेष जोर
भिण्ड, 12 फरवरी। आस्था के महापर्व महाशिवरात्रि के पावन अवसर से पूर्व श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। गुरुवार को भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह एवं नगर पालिका सीएमओ यसवंत वर्मा ने शहर सहित प्रसिद्ध गौरी सरोवर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने सरोवर के घाटों और मन्दिर पहुंच मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शहर में कहीं भी गंदगी का अंबार नहीं दिखना चाहिए। प्रकाश व्यवस्था- रात के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में समस्या न हो, इसके लिए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल सुधारने और अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा इंतजाम- गौरी सरोवर पर भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और बैरिकेडिंग की समीक्षा की गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता
निरीक्षण के उपरांत विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि महाशिवरात्रि पर दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने आते हैं। हमारा पूरा प्रयास है कि किसी भी भक्त को असुविधा न हो। सफाई से लेकर सुरक्षा तक, हर बारीक पहलू पर नगर पालिका की टीम काम कर रही है। वहीं नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा ने आश्वस्त किया कि सफाई कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है और पर्व से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका का अमला और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


