– एमडीए अभियान 10 से 24 फरवरी तक
भिण्ड, 06 फरवरी। राष्ट्रीय फाईलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम हेतु (एमडीए) अभियान 2026 के सफल संचालन के संबंध में जिला समन्वय समिति की बैठक कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष भिण्ड में आयोजित की गई। बैठक में भारत सरकार के फाईलेरिया कंसल्टेंट पवन मेहरा एवं स्टेट कॉर्डिनेटर डब्ल्यूएमओ डॉ. देवेन्द्र सिंह तोमर ने जिले में काईलेरिया रोग की वर्तमान स्थिति एवं आगामी एमडीए 2026 के लिए आवश्यक तकनीकी दिशा निर्देश की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभागीय समन्वय, दवा वितरण की गुणवत्ता, प्रशिक्षण तथा जनजागरूकता गतिविधियों पर विशेष बल दिया।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने निर्देशित किया कि एमडीए 2026 के दौरान दवा वितरण, निगरानी रिपोर्टिंग और जन जागरूकता गतिविधियों को समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाए तथा सभी विभागों द्वारा शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि यह अभियान प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी नागरिकों से कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति में संभावित फाइलेरिया रोग के लक्षण दिखाई देते हैं तो उसकी जानकारी निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में अवश्य दें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


