– जैन महाविद्यालय में हुआ मुख्य आयोजन
भिण्ड, 04 फरवरी। केन्द्र सरकार द्वारा युवाओं को देश की अर्थव्यवस्था और केन्द्रीय बजट 2026 से जोड़ने के लिए शुरू की गई महत्वाकांक्षी पहल ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का भिण्ड जिले में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी कड़ी में माय भारत केन्द्र भिण्ड द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
प्रचार-प्रसार अभियान के तहत टीम ने सर्वप्रथम जैन महाविद्यालय का भ्रमण किया। यहां प्रो. अतुल श्रीवास्तव की उपस्थिति में छात्रों को बजट क्वेस्ट प्रतियोगिता की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को बताया गया कि वे किस प्रकार ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज में भाग ले सकते हैं।
प्रमुख शिक्षाविदों और समाजसेवियों का मिला सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्कृष्ट उमावि क्र.एक के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही शिक्षक प्रीति व्यास, सुप्रिया सिंह कुशवाहा, भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा, सोनी भदौरिया और पूनम शर्मा ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। इस अभियान में योगा प्रशिक्षक सुनील, वाटर वर्क्स सुभाष चंद्र बोस युवा मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र उपाध्याय ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
युवाओं में दिखा भारी उत्साह
अभियान के दौरान गुलशन, पायल, नितेश, रिया, संध्या, श्रेया शिवहरे, मुस्कान, अंशु, आरव और दिव्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने ‘बजट 2026’ के पोस्टर प्रदर्शित कर इस प्रतियोगिता में भाग लेने का संकल्प लिया। ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ में चयनित होने वाले विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ‘विकसित भारत बजट’ के विजन पर संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा।


