– ग्रामीण जिला कांग्रेस ने मनाई संत रविदास की जयंती
भिण्ड, 01 फरवरी। संत रविदास की जयंती पर भारौली तिराहे के पास दर्पण कॉलोनी स्थित नवीन जिला कांग्रेस कार्यालय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर कांग्रेस जनों ने गुरु रविदास जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल ने कहा कि गुरु रविदास जी 14वीं-15वीं सदी के भक्ति आंदोलन के एक महान भारतीय संत कवि थे। इनका जन्म वाराणसी के पास हुआ और वह मोची का काम करते थे।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णगोपाल चौरसिया ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने गीतों, दोहो के जरिए भक्ति आंदोलन पर एक स्थायी प्रभाव डाला था। गुरु रविदास जी ने समाज में भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई और समाज को समानता का संदेश दिया। उनकी शिक्षा, विचार और दोहे आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में भी शांति और समानता का मार्ग दिखाते है। उनके भजन गुरु ग्रंथ साहिब में भी शामिल हैं।
अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन युवा नेता विवेक जामौर ने किया। इस अवसर पर बाबूराम जामौर, दर्शन सिंह तोमर, एडवोकेट नरोत्तम सिंह नरवरिया एवं इलियास खान, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, देवेन्द्र सिंह राजावत भारौली, अरविंद अरेले, सुनील शर्मा, अभिलाख सिंह यादव, प्रमोद बघेल, अभिषेक मौर्य, ओमप्रकाश शर्मा बंटी, रोहित कुशवाह, वेदांशु त्रिपाठी यश आदि उपस्थित रहे।


