– हादसे में पति-पत्नी भी घायल
भिण्ड, 01 फरवरी। अकोड़ा गांव से भिण्ड खरीदारी करने आए परिवार की बाइक को बायपास पर पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दस वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शनिवार की शाम की है।
जानकारी के अनुसार अकोड़ा गांव निवासी भगवान सिंह पुत्र छोटेलाल जाटव शनिवार को अपनी पत्नी सुनीता और भतीजी भाग्या के साथ बाइक से भिण्ड आए थे। खरीदारी के बाद वापस जाते समय बायपास रोड पर मेला ग्राउण्ड के पास पीछे से आ रहे ट्रक क्र. एम.पी.09 ए.एल.9615 के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही 10 वर्षीय बालिका भाग्या सड़क के बीच गिर पड़ी, जबकि भगवान सिंह और उनकी पत्नी सड़क किनारे जा गिरे। इसी दौरान ट्रक का पहिया बालिका के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घायल दंपती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


