– गणतंत्र दिवस पर भोपाल में राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
भिण्ड, 31 जनवरी। विमुक्त व घुमंतू नट समुदाय की विलुप्त प्राय: भाषा ‘पारसी’ की टॉकिंग डिक्शनरी के निर्माण में योगदान देने के लिए शा. एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड की प्राध्यापक डॉ. कमला नरवरिया को गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर रवींद्र भवन भोपाल में आयोजित 41वे लोकरंग कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह यादव ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
डॉ. कमला नरवरिया ने नट समुदाय की टॉकिंग डिक्शनरी निर्माण का यह महत्वपूर्ण कार्य मप्र जनजातीय लोक कला और बोली विकास अकादमी भोपाल के निर्देशक डॉ. धर्मेन्द्र पारे व सेल संस्था की संस्थापक डॉ. कविता रस्तोगी के निर्देशन में किया। डॉ. नरवरिया ने इससे पूर्व लोहपीटा समुदाय की लुहाड़ी भाषा की टॉकिंग डिक्शनरी बनाने में भी योगदान दिया था। मप्र जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी भोपाल द्वारा घुमंतू व विमुक्त समुदाय की विलुप्त होती भाषा के संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।


