– राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित
भिण्ड, 31 जनवरी। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजस्व संबंधी मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, एसडीएम गोहद, अटेर, भिण्ड, लहार, मेहगांव, समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक और समयबद्ध निराकरण किया जाए। अधिक दिनों से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता देकर शीघ्र निपटाया जाए। पटवारियों को फील्ड में नियमित रूप से भेजने और सार्थक ऐप के माध्यम से हाजिरी दर्ज करने के आदेश दिए गए। लोकसेवा अधिनियम के तहत निर्धारित समयसीमा में आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी जारी किए। भू-अर्जन संबंधी मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि जिस कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण की गई है, उसे संबंधित विभाग के नाम से ही दर्ज किया जाए। राजस्व संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेने और स्वयं फील्ड विजिट कर कार्य करने का आदेश दिया। चरनोई भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के बाद दोबारा अतिक्रमण न होने की सख्त हिदायत दी गई। बोर्ड परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रों पर नियमानुसार परीक्षा कराने और किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। इसके अलावा, मुक्तिधामों पर अतिक्रमण हटाने, पानी के स्त्रोत एवं पहुंच मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जहां आवश्यक हो, वहां हैण्डपंप लगवाए जाएं और पहुंच मार्ग का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने और सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया।


