– जिला जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से लगाई गई विकास प्रदर्शनी
भिण्ड, 27 जनवरी। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की संध्या पर कम्युनिटी हॉल मेला ग्राउण्ड के पास भिण्ड में लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, एसडीएम भिण्ड अखिलेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भारत पर्व के अवसर पर राष्ट्र को समर्पित समवेत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमें संस्कृति विभाग द्वारा तय कलाकार राजकुमार अशोकनगर एवं उनके साथियों द्वारा लोकनृत्य (ढिमरयाई) और पियूष तांबे ग्वालियर एवं उनके साथियों द्वारा देशभक्ति एवं लोकगायन प्रस्तुत किया गया। लोकतंत्र का लोक उत्सव अंतर्गत आयोजित भारत पर्व कार्यक्रम में ‘वन्देमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर परÓ चित्र प्रदर्शनी का प्रदर्शन भी किया गया। गणतंत्र दिवस की संध्या बेला पर भारत पर्व के दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय भिण्ड के माध्यम से अभ्युदय मप्र विकास प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। जिला जनसपंर्क कार्यालय द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का आम नागरिकों ने अवलोकन कर शासन की जनहितैषी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

