– तिरंगे के रंग में रंगा संपूर्ण परिसर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
भिण्ड, 27 जनवरी। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड द्वारा शहर के प्रमुख तीर्थ स्थल दिगंबर जैन कीर्तिस्तंभ मंदिर परिसर में भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति के जज्बे से सराबोर इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने 80 सदस्यों से अधिक उपस्थिति के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुनील, बबीता एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट मनीष, श्वेता द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन हुआ और देश की सीमाओं पर तैनात व बलिदान देने वाले वीर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संस्था के अध्यक्ष शैलेंद्र पूनम एवं परम संरक्षक अशोक जया ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया। कोषाध्यक्ष रविन्द्र सुधा एवं अन्य सदस्यों ने अतिथियों को तिरंगा पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं तिरंगा ड्रेस कोड
इस अवसर पर पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। संस्था के सभी सदस्य तिरंगे के रंगों से प्रेरित परिधानों में उपस्थित हुए, जिससे वातावरण पूरी तरह तिरंगामय हो गया। दर्शी, अंशुल, आयशा जैन सहित अन्य बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन एवं अंत में आभार प्रदर्शन संस्था सचिव अंशुल आयशा ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने सामूहिक अल्पाहार ग्रहण किया। इस आयोजन ने समाज में एकता और अटूट राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रवाहित किया।


