– समाज की स्वैच्छिक सहभागिता का प्रमाण ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान: गुर्जर
– ग्राम के सामाजिक मुद्दों पर चर्चा का मंच है ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान: यादव
– अंतिम व्यक्ति तक बात पहुंचाने का माध्यम बना ग्रामोदय से अभ्युदय: जिला समन्वयक
– ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड स्तरीय कार्यशाला आयोजित
भिण्ड, 25 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में संचालित हो रहा ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान जन-जन का अभियान है, इस अभियान के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को लोगों तक ले जाना और सरकार व शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे मूल उद्देश्य है, निश्चित रूप से यह अभियान प्रशंसनीय और सराहनीय हम इस तरह की अभियानों को सरकार को निरंतर संचालित करना चाहिए। यह बात समाजसेवी शैलेश नारायण सिंह ने मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में शा. एमजेएस कॉलेज सभागार में आयोजित ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान के भिण्ड में विकासखण्ड स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर माय भारत के जिला युवा समन्वयक आशुतोष साहू, वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक व समाजसेवी राधेगोपाल यादव, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. धीरज गुर्जर, डॉ. अरविन्द यादव, गगन शर्मा सहित विकास खण्ड भिण्ड के समस्त नवांकुर और प्रस्फुटन संस्थाओं के प्रतिनिधि, मेंटर्स, सीएम इंटर्न सहित बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के छात्र तथा अन्य समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन परिषद के जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने किया एवं आभार प्रदर्शन परामर्शदाता नीरज शर्मा ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी शैलेश नारायण सिंह ने कहा कि मप्र जन अभियान परिषद निरंतर सामाजिक सरोकारों के लिए कार्य कर रही है। आए दिन किसी न किसी अभियान को जन अभियान बनाकर लोगों के बीच में प्रशंसनीय कार्य करती है। इसी कार्यक्रम में ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इस अभियान की सबसे अच्छी विशेषता यह है कि इसमें जिन सात बिंदुओं को रखा गया है, वह सातों विषय सामाजिक सरोकारों के विषय हैं। उक्त बिंदु प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ-साथ सरकार के कार्यों को भी प्रतिपादित करते हैं। निश्चित तौर पर यह अभियान जन अभियान के रूप में लोगों के बीच में प्रतिष्ठित हो रहा है।
जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत हमने सात विषयों पर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया है, यह सात विषय सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन एवं स्वदेशी, नागरिक सेवा, शिक्षा एवं संस्कार, नशामुक्त समाज और गौ संरक्षण हैं। इन विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा निरंतर जिला, विकास खण्ड, सेक्टर और ग्राम स्तर पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही सरकार की 2 वर्षों की उपलब्धियां को भी लोगों के बीच में रखकर सरकार और समाज के बीच सेतु बनने का कार्य इस अभियान के माध्यम से किया जा रहा है। यह अभियान बृहद रूप से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे इस लक्ष्य के साथ संचालित हो रहा है।
माय भारत के जिला समन्वयक आशुतोष साहू ने नागरिक सेवा विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि सरकार की कई योजनाएं हैं जिनको लोगों तक ले जाने का कार्य इस अभियान के माध्यम से किया जा रहा है। यह बहुत प्रशंसनीय बात है कई योजनाओं के बारे में अंतिम व्यक्ति तक यह जानकारी नहीं है कि वह लाभ किस तरह ले इस अभियान के माध्यम से शासकीय योजनाओं का लाभ किस तरह लिया जाए यह पहल की जा रही है जो की अभिनव पहल है।
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. धीरज गुर्जर ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान व्यक्ति के लाभ के साथ-साथ उसे सामाजिक दृढ़ता भी प्रदान करता है, निश्चित रूप से जन अभियान परिषद की यह पहला प्रशंसनीय और सराहनीय है। उन्होंने कहा शैक्षिक भाव से काम करने में जन अभियान परिषद सदैव अग्रणी रहा है स्वच्छता के भाव के साथ स्वैच्छिकता के भाव के साथ लोगों के बीच में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान एक सकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। निश्चित ही इसे लोगों के मानसिक सामाजिक स्तर में सुधार होगा।
डॉ. अरविन्द यादव ने कहा कि जैसा कि नाम से ही प्रदर्शित है कि यह ग्रामों के उदय के लिए अभियान है इससे निश्चित तौर पर मप्र का भी उदय होगा, क्योंकि हमारे प्रदेश में देश की तरह ही अधिकांश लोग ग्रामों में ही निवास करते हैं। यदि हम ग्रामों को सशक्त करेंगे तो फिर ग्राम विकास की अवधारणा को भी बल मिलेगा और समग्र ग्राम विकास जो सरकार का लक्ष्य है उसे भी पाया जा सकता है।
समाजसेवी राधेगोपाल यादव ने कहा कि इस अभियान से मैं पहले दिन से ही जुड़ा हुआ हूं लगभग जिला, विकास खण्ड, सेक्टर और ग्राम स्तरीय आयोजनों में मेरी भी किसी न किसी रूप में सहभागिता होती है। यह देखकर मुझे प्रसन्नता है कि यह अभियान अब अपने मूल स्वरूप में होकर लोगों के बीच में सरकार के कार्यों को पूर्ण रूप से प्रतिपादित कर रहा है। यह कहना गलत ना होगा की ग्रामों में सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने हेतु यह अभियान एक मंच के रूप में लोगों के बीच में आ रहा है।
समाजसेवी गगन शर्मा ने कहा कि इन अभियान के अंतर्गत जिन बिंदुओं को रखा गया है वह बिंदु सीधे-सीधे समाज को जोड़ते हैं, निश्चित तौर पर सरकार के कई अभियान संचालित होते रहते हैं, लेकिन सामाजिक सरोकारों को जोड़ने वाला यह अभियान अपने आप में उत्कृष्ट है। चूंकि मेरा विषय स्वावलंबन और स्वदेशी है तो निश्चित तौर पर इस अभियान के माध्यम से लोगों तक स्वदेशी का भाव जागृत हो यह सफल प्रयास किया जा रहा है।


