प्रदर्शनकारियों ने कहा- ऐसे लोगों को समाज में रहने का हक नहीं
भिण्ड, 25 जनवरी। कांग्रेस के भांडेर विधायक फूलसिंह बरैया के बयान को लेकर शहर के लोगों में भारी आक्रोश है। परेड चौराहे पर स्थानीय लोगों और महिला शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बरैया का पुतला का सिर चप्पल और प्लास्टिक बॉटल से बनाया। आरोप है कि विधायक ने महिला और हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
विधायक फूलसिंह बरैया के कथित बयान के विरोध में महिला शक्ति संगठन की संयोजक दीक्षा ठाकुर अपने समर्थकों के साथ परेड चौराहे पहुंचीं। यहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए विधायक के पुतले पर जूते-चप्पल मारे और बाद में पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरमाया रहा।
दीक्षा ठाकुर ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को महिलाओं और धर्म के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति महिला, बहन और बेटी के सम्मान को नहीं समझता, उसे समाज और राजनीति में रहने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वयं दो बेटियों का पिता होने के बावजूद इस तरह के बयान देकर विधायक अपनी नकारात्मक और असंवेदनशील मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विधायक बरैया भिण्ड आए तो उनका विरोध और तेज किया जाएगा। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर तैनात रही, हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मामले को लेकर जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

