– अतिथियों ने युवाओं को लोकतंत्र का सशक्त प्रहरी बनने का दिया संदेश
भिण्ड, 24 जनवरी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के मेरा युवा भारत केन्द्र भिण्ड, जिला प्रशासन एवं शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक के संयुक्त तत्वावधान में ‘माय भारत, माय वोट’ थीम पर संगोष्ठी, जन-जागरूकता पदयात्रा, शपथ ग्रहण एवं हस्ताक्षर अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं विशेषकर फर्स्ट टाइम वोटर्स में मतदान के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार जागरूक मतदाता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल मतदान तक सीमित न रहें, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने व्यवहार में भी उतारें। उन्होंने कहा कि पहला वोट जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जो जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा तय करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य सीएम राइज विद्यालय क्र.2 पीएस चौहान ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केन्द्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की प्रयोगशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे मतदान के अधिकार के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें और परिवार व समाज में मतदान के लिए दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सक्रिय होने से ही लोकतंत्र सशक्त बनता है।
विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर ने अपने वक्तव्य में कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा सही दिशा में सोचकर मतदान करें, तो देश के विकास की गति और तेज हो सकती है। उन्होंने माय भारत कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में निरंतर भागीदारी पर बल दिया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी अशुतोष साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने फर्स्ट टाइम वोटर्स को बधाई देते हुए कहा कि आज का युवा यदि जागरूक होकर मतदान करेगा, तो आने वाला भविष्य अधिक सशक्त, पारदर्शी और समावेशी होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया और अन्य मंचों के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाएं।
कार्यक्रम के दौरान 16 नवीन मतदाताओं- विष्णु भदौरिया, राहुल सिंह, अनुज कुमार, महक शिवहरे, तनिषा भदौरिया, ध्रुव राठौर, आदित्य सिंह, प्रशांत गोयल, गुलशन वर्मा, प्रियंका शाक्य, दामिनी, आशी, तान्या राजावत, अभय शर्मा, नीतेश शाक्य एवं गोविंद जाटव—को टी-शर्ट, कैप और बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही युवाओं द्वारा वोट शब्द की रचनात्मक संरचना बनाकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की गई। इसके उपरांत जन-जागरूकता पदयात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर जिला अस्पताल होते हुए शास्त्री चौराहा से गुजरकर पुन: विद्यालय में समाप्त हुई। पदयात्रा के दौरान ‘माय भारत, माय वोटÓ और ‘छोड़ो अपने सारे काम, पहले चलो करें मतदान’ जैसे नारों से वातावरण लोकतांत्रिक चेतना से ओत-प्रोत हो गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन धर्मवीर सिंह ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत स्वयंसेवक पुनीत उपाध्याय एवं भूपेन्द्र का विशेष सहयोग रहा।


