– पुलिस परेड ग्राउण्ड में गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल आयोजित
भिण्ड, 24 जनवरी। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड भिण्ड में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल सुबह 9 बजे आयोजित की गई। जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक ने मंच पर पहुंचकर सबसे पहले परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई और मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय एवं एएसपी संजीव पाठक द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर सूबेदार आदित्य मिश्रा एवं टूआईसी सूबेदार नागेश शर्मा ने किया। परेड में विशेष सशस्त्र बल 17वीं वाहिनी एसएएफ बटालियन भिण्ड, जिला पुलिस बल (पुरुष), जिला पुलिस बल (महिला), जिला नगर सेना भिण्ड, एनसीसी सीनियर डिविजन (बॉयस), एनसीसी सीनियर डिविजन (गर्ल्स), स्काउट दल, गाईड दल भिण्ड, शौर्यदल भिण्ड, पुलिस बैण्ड भिण्ड शामिल रहे। रिहर्सल के दौरान हर्ष फायरिंग के बाद मार्च पास्ट हुआ। परेड कमाण्डरों से अतिथियों द्वारा परिचय प्राप्त किया गया। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के रिहर्सल के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति मुख्य अतिथि के समक्ष प्रस्तुत की गई।


