– नगर पालिका भिण्ड द्वारा व्यापक पेयजल गुणवत्ता परीक्षण अभियान जारी
भिण्ड, 24 जनवरी। शहर वासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं मानक अनुरूप पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका भिण्ड की जल प्रदाय शाखा द्वारा एक व्यापक पेयजल गुणवत्ता परीक्षण अभियान संचालित किया गया, इस अभियान के तहत नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, जल आपूर्ति केन्द्रों, टंकियों एवं वितरण बिंदुओं से पानी के नमूने एकत्र कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों के आधार पर उनकी जांच की गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आम नागरिकों को मिलने वाला पेयजल स्वास्थ्य के लिए पूर्णत: सुरक्षित हो तथा उसमें किसी भी प्रकार के हानिकारक जीवाणु, रासायनिक तत्व या अशुद्धता न हो। जल परीक्षण के दौरान पानी के रंग, गंध, स्वाद, पीएच मान, क्लोरीन स्तर सहित अन्य आवश्यक मापदंडों की जांच की गई।
इस अवसर पर सीएमओ यशवंत वर्मा ने कहा कि नगर पालिका भिण्ड नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह सजग है, पेयजल की नियमित एवं सघन जांच से जलजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को लगातार बेहतर किया जा रहा है और जहां भी आवश्यकता होगी, वहां सुधारात्मक कदम तत्काल उठाए जाएंगे।
विधायक ने की पहल की सराहना
भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे पेयजल परीक्षण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और स्थानीय निकाय की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियानों से आमजन में विश्वास बढ़ता है और बीमारियों से बचाव संभव हो पाता है। विधायक कुशवाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस तरह की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
नियमित होगा जल परीक्षण : अध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मिक ने कहा कि नगर क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पेयजल की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जल परीक्षण अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा और जहां कहीं भी कमी पाई जाएगी, वहां तत्काल सुधार किया जाएगा।
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दिलाया भरोसा
अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील वाल्मीक ने कहा कि नगर पालिका की जल प्रदाय शाखा पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है। पेयजल व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि सभी वार्डों में समान रूप से स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। आम नागरिकों से भी अपील की गई कि यदि कहीं पानी की गुणवत्ता को लेकर कोई समस्या महसूस हो, तो तुरंत नगर पालिका को अवगत कराएं।
अधिकारियों व कर्मचारियों की रही सक्रिय भूमिका
पेयजल परीक्षण अभियान के दौरान जल प्रदाय शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। तकनीकी टीम द्वारा पूरी सावधानी के साथ नमूने लिए गए और मानक प्रक्रियाओं के अनुसार उनकी जांच की गई। अभियान के सफल संचालन से यह स्पष्ट संदेश गया कि नगर पालिका भिण्ड जनस्वास्थ्य को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध है। नगर पालिका भिण्ड द्वारा चलाया गया यह व्यापक पेयजल गुणवत्ता परीक्षण अभियान शहर वासियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में जलजनित रोगों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी।


