– 77 साल में पहली बार हो रहा बड़ा आयोजन
भिण्ड, 21 जनवरी।.मनीष दुबे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद 22 जनवरी को शहर में अपना अब तक का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। संगठन के 77 वर्षों के इतिहास में पहली बार शहर में इतने बड़े स्तर पर युवा संगम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम शा. सांदीपनी विद्यालय क्र.2 के परिसर में होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह और मुख्य वक्ता तौर पर परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र सोलंकी शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित दीक्षित, प्रांत सह मंत्री सत्यादित्य तोमर, जिला संयोजक सूर्य भदौरिया और नगर मंत्री आशुतोष मिश्रा ने बताया कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। युवा संगम के तहत बुधवार को शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शा. उमावि क्र.2 से शुरू होकर मेला मैदान तक पहुंचेगी। यात्रा में महापुरुषों की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी, जो शहर वासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र होंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण की विचारधारा से जोड़ना है। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि इस युवा संगम में न केवल भिण्ड शहर, बल्कि आस-पास के जिलों और ग्रामीण अंचलों से भी हजारों की संख्या में विद्यार्थी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।


