-तापमान में हो रही बढ़ौती लेकिन सुबह शाम पड़ रही तेज ठंड
भिण्ड, 18 जनवरी। इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। जिसके कारण तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है लेकिन सुबह शाम तेज ठंड पड़ रही है। बीच बीच में हवाएं भी चल रही हैं। ऐसे में आमजन के द्वारा लापरवाही उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। जिसके चलते खांसी, जुकाम, बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अभी जनवरी में 11 दिन शेष हैं और अभी पारा 25 डिग्री तक पहुंच गया है। कभी तेज धूप निकल रही है और कभी आसमान में बादल छाऐ रहते हैं। तापमान बढ़ने और तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोग गर्मी का अहसास होते ही गर्म कपड़ों से दूरी बनाने लगते हैं। लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ जाती है और कभी कभी बर्फीली हवाऐं भी चलने लगती हैं। इस कारण लोग बीमारी का शिकार भी हो रहे हैं। उधर छोटे बच्चे भी लापरवाही देते हुए खेल रहे हैं और उनकी तबियत खराब होने लगी है। ऐसे में शिशु रोग विशेषज्ञों का कहना है कि अभी मौसम में उतार चढ़ाव का दौर है इसलिए बच्चों का स्वास्थ्य खराब होने का अंदेशा होता है। इसके साथ ही खानपान में भी अहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
हो सकती है मावठ
शनिवार को सुबह के समय तेज कोहरा वातावरण को अपने आगोश में लिए हुए था और दोपहर के समय तेज धूप निकल आई थी। रविवार को सुबह मौसम साफ था लेकिन दोपहर में आसमान में बादलों ने सूरज का रास्ता रोक लिया और धूप हल्की हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि पांच दिन बाद मावठ हो सकती है। अगर मावठ की बारिश होती है तो निश्चित रूप से वातावरण में फिर एक बार कड़ाके की सर्दी का दौर शुरु हो जाएगा। किसानों का कहना है कि इस समय मावठ होना खेती के लिए भी जरूरी है।

