– प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
ग्वालियर, 18 जनवरी। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई शा. उत्कृष्ट महाविद्यालय ग्वालियर में विकसित भारत 2047 विषय पर आधारित दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन 19 एवं 20 जनवरी को किया जाएगा। प्रदर्शनी का शुभारंभ 19 जनवरी को सुबह 11 बजे होगा।
प्रदर्शनी के सफल आयोजन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से प्रचार अभियान के अंतर्गत प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जेएस परमार (जिला सेक्रेटरी कबड्डी फेडरेशन), प्रीतम पाल (कोच, कबड्डी फेडरेशन ग्वालियर), केन्द्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी देवेन्द्र बाथरी, अजय बैस, जिला सेक्रेटरी बब्ली कुशवाहा सहित कबड्डी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। केन्द्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी प्रचार अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनी में विकसित भारत 2047, नेक्स्ट जेन जीएसटी एवं वीबी-जी रामजी विषयों पर आधारित छायाचित्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को भारत सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक उपलब्धियों तथा भविष्य की विकास दृष्टि से अवगत कराना है। यह प्रदर्शनी सभी के लिए नि:शुल्क रहेगी।


