भिण्ड, 16 जनवरी। जिले की युवा नेतृत्वकर्ता अंशिका मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है। 9 से 12 जनवरी तक नईदिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग में उन्होंने विकसित भारत विषय पर अपने नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। 12 जनवरी को समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान अंशिका मिश्रा द्वारा प्रस्तुत विचारों का उल्लेख किया। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि देश के नीति निर्माण में युवाओं की सोच को गंभीरता से सुना और महत्व दिया जा रहा है।
ज्ञातव्य है कि सात जनवरी को अंशिका मिश्रा ने मुख्यमंत्री निवास भोपाल में मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर अंशिका ने भगवद् गीता के उपदेशों के माध्यम से युवाओं के नैतिक, वैचारिक एवं सांस्कृतिक विकास से जुड़े अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्हें आधिकारिक हाई टी के माध्यम से सम्माननीय सत्कार भी प्रदान किया। इसी दिन अंशिका मिश्रा ने मप्र के राज्यपाल से भी शिष्टाचार मुलाकात की, जहां उन्हें राज्यपाल निवास में औपचारिक हाई टी के माध्यम से सम्मानित आतिथ्य प्राप्त हुआ। 10 जनवरी को अंशिका ने नई दिल्ली में केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनके सरकारी निवास पर औपचारिक भेंट की। इस दौरान विकसित भारत और युवा नेतृत्व विषय पर संवाद हुआ तथा उन्हें आधिकारिक रूप से भोजन एवं आतिथ्य प्रदान किया गया। इसी दिन अंशिका को प्रधानमंत्री संग्रहालय नई दिल्ली का औपचारिक भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने भारत के लोकतांत्रिक इतिहास, नेतृत्व परंपरा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को निकट से जाना।
राष्ट्रीय मंच पर सक्रिय सहभागिता और वरिष्ठ नेतृत्व से संवाद के माध्यम से अंशिका मिश्रा ने यह सिद्ध किया है कि छोटे जिलों से आने वाले युवा भी देश के भविष्य की दिशा तय करने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि से भिण्ड जिले को राष्ट्रीय पहचान मिली है और वे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनकर उभरी हैं। 2025 में उत्कृष्ट विद्यालय क्र.एक भिण्ड में एनएसएस की वॉलंटियर/ छात्रा रही अंशिका मिश्रा पुत्री घनश्याम मिश्रा ने 12वी बोर्ड परीक्षा 92.25 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की, उस दौरान निबंध, भाषण, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।


