– जिले में टीबी का इलाज ले रहे टीबी मरीजों को जिला क्षय केन्द्र एवं विकास खण्ड स्तर पर फूड बास्केट प्रदान की
भिण्ड, 14 जनवरी। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम में जिला क्षय केन्द्र भिण्ड से टीबी का इलाज ले रहे टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान के लिए कार्यक्रम का आयोजन जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव की अध्यक्षता में किया गया।
डॉ. जेएस यादव ने बताया कि आज मकर संक्राति के पावन पर्व पर जिले में जिला क्षय केन्द्र पर विमल मल्टीस्पेशिलिटी हॉस्पीटल के संचालक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील विमल ने 40 मरीजों को तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फूप में खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. तपस शर्मा, बीपीएम बृजेन्द्र सिंह तोमर एवं बीईई धीरसिंह कुशवाह द्वारा 30 बास्केट, सिविल अस्पताल लहार के स्टाफ के सहयोग से 10 बास्केट का वितरण किया गया है।
इस मौके पर जिला क्षय अधिकारी डॉ. डीके शर्मा ने बताया कि जिले में सचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान का संचालन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत टीबी मरीजों को निक्षय मित्र बनकर फूड बास्केट प्रदान की जाती है, जिससे दवाईयों के साथ ही पौष्टिक आहार के सेवन से टीबी बीमारी को ठीक होने में टीबी मरीज को मदद होती है। डॉ. शर्मा ने सभी को इस अभियान में भागीदारी बनने एवं टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया एवं आशा की अन्य लोग भी इस अभियान से जुडकर टीबी मरीजो की सहायता करेंगे।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश शर्मा ने टीबी मरीजों को दवा के सही सेवन एवं खानपान पर विशेष ध्यान देने एवं अधिक से अधिक पौष्टिक भोजन का सेवन करने की समझाइश दी। इस मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा, राजेश शर्मा, डॉ. अवधेश सोनी, अवनीश दैपुरिया, मधुराज सिंह भदौरिया, प्रशांत सिंह भदौरिया, कृष्णप्रताप सिंह, अमर सिंह कुशवाह, अरुण श्रीवास्तव, अजय राठौर, शाबिर कुरैशी, गौरव यादव, जितेन्द्र मोरौलिया, ज्योति वर्मा, नीतू शाक्य आदि उपस्थित रहे।


