– ग्रामोदय से ही अभ्युदय मप्र का संकल्प होगा साकार: सिसोदिया
– सरकार और ग्रामों के बीच सेतु बने जन अभियान: जिला सीईओ
– जन अभियान परिषद का जिला स्तरीय ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अंतर्गत कार्यशाला आयोजित
भिण्ड, 14 जनवरी। सरकार की बहुत सारी योजनाएं हैं, इन योजनाओं को सुचारू रूप से ग्रामीण स्तर तक चलने हेतु कई विभाग कम कर रहे हैं, जन अभियान परिषद का भी यह दायित्व है कि इन योजनाओं का प्रचार प्रसार ग्राम के आखिरी व्यक्ति तक करें। जिससे कि विकसित मप्र की अवधारणा को पूर्ण किया जा सके। यह बात भिण्ड सदर विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में आयोजित ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत सभागार में कही। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं विवेकानंद जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।
विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि जन अभियान परिषद की यह पहल अच्छी है। सरकार को अच्छी योजनाओं का प्रचार प्रसार करने का काम भली भांति करें। यदि किसी भी तरह की मदद की जरूरत हो तो वह भी बताएं, हम परिषद का सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार मप्र जन अभियान परिषद द्वारा जिले में चलाए जाने वाले ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान की सफलता तभी है जब इसके परिणाम सकारात्मक रहें। आशा है आप बेहतर कार्य करेंगे।
संभाग समन्वयक धर्मेन्द्र सिसोदिया ने कहा कि हमारा देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है। हर तरफ विकास की बयार है, गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी और विकास कार्यक्रमों का लाभ पहुंच रहा है। गांव और ग्रामीण ही देश के विकास की धुरी हैं। इनकी मजबूती में ही देश की मजबूती है। मप्र जन अभियान परिषद शासन और समाज के बीच एक सेतु की भूमिका में है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में जन अभियान परिषद का योगदान सराहनीय है। उन्होंने परिषद के एमएसडब्ल्यू और बीएसडब्ल्यू कोर्स के बारे में विस्तार से बताया।
जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे ने कहा कि गांव ही हमारी आत्मा है और हमें मिलजुलकर इसे मजबूत बनाना है। भारत कृषि प्रधान देश है, जिसका आधार ग्राम है, यदि कृषि में नवाचार आता है तो हमारे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। आज की जरूरत प्राकृतिक एवं जैविक कृषि को बढ़ावा देना है। हम सभी को इस पर कार्य करने की आवश्यकता है। स्वागत भाषण में जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि मप्र जन अभियान परिषद सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यक्रमों को गांव-गांव तक लेकर जाएंगे और ग्राम विकास के सरकार के लक्ष्य को पूरा करने, ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगा। इस अभियान के जरिए परिषद की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के सभी विद्यार्थी एवं परामर्शदाता, परिषद से जुड़ी स्वैच्छिक संस्थाएं, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा भी सहभागिता की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत ग्राम विकास पखवाड़ा में जिला, विकास खण्ड, सेक्टर एवं ग्राम पंचायत स्तरीय आयोजन ग्रामोत्सव के रूप संपन्न होगा।
वरिष्ठ समाजसेवी केपी सिंह ने कहा कि जन अभियान परिषद का कार्य अच्छा है, वह आने वाले दिनों में और बेहतर कार्य करेगी। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शैलेन्द्र परिहार, वरिष्ठ समाजसेवी राधेगोपाल यादव, रिपुदमन सिंह, श्रवण पाठक और जिला पंचायत सदस्य पुष्पलता सिंह और पार्षद राहुल यादव ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए युवाजनों में स्वदेशी के भाव को विकसित करने की दृष्टि से स्वदेशी शपथ दिलाई गई। संचालन विकास खण्ड समन्वयक मेहगांव जयप्रकाश शर्मा एवं आभार प्रदर्शन विकास खण्ड समन्वयक गोहद बृजेन्द्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर विकास खण्ड समन्वयक लहार सुनील चतुर्वेदी और जिले की समस्त प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर समितियां, मेंटर्स, छात्र, सीएम इंटर्न सहित अन्य समाजसेवी मौजूद थे।


