– प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र
भिण्ड, 13 जनवरी.मनीष दुबे। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान भिण्ड में कौशल दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि जिला उद्योग विभाग के समन्वयक अश्वनी शर्मा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से पंकज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात प्रभारी निदेशक जितेन्द्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके लाभार्थियों को प्रमाण पत्रों का वितरण मुख्य अतिथि एवं निदेशक के कर-कमलों से किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी संतोष दुबे ने किया।
मुख्य अतिथि अश्वनी शर्मा ने कौशल दीक्षांत समारोह की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राचीन काल से लेकर वर्तमान समय तक दीक्षांत समारोह का उद्देश्य ज्ञान और कौशल की पूर्णता को दर्शाना रहा है। पंकज शर्मा ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का कौशल दीक्षांत समारोह केवल प्रमाण पत्र वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि भारत सरकार की राष्ट्रीय कौशल नीति, उद्यमिता एवं रोजगार योजनाओं का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि कौशल दीक्षांत का अर्थ है कि अब आपकी कौशल दीक्षा पूर्ण हो चुकी है और आप अपने संबंधित कौशल क्षेत्र में कार्य करने के लिए पूर्णत: निपुण हैं। आप अपने कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनें और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों।
अंत में लिपिक अजय सिंह कुशवाह ने अतिथियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार दुबे, योगेन्द्र सिंह तोमर, सहायक कार्यक्रम अधिकारी विनोद शर्मा, संतोष सिंह गुर्जर, लिपिक अजय सिंह कुशवाह, लेखपाल हेमंत शर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर दीपेन्द्र कुमार चतुर्वेदी, ओमप्रकाश, रामबीर, जयप्रकाश, मिथलेश सोनी, अनीता श्रीवास्तव, अख्तरी बेगम सहित 40 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


