– भारतीय किसान संघ ने कृषि मंत्री कंसाना को सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 12 जनवरी। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मण्डल ने मप्र शासन के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना को किसानों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन दिया।
जिला मंत्री देवेश पचौरी ने बताया कि भिण्ड जिले के 90 प्रतिशत लोग खेती पर आधारित है, उचित तकनीकी एवं प्रशिक्षण के अभाव में किसान घाटे में जा रहा है, विगत कुछ वर्षों से जो भी उपसंचालक आता है वह शासन की योजनाओं को ईमानदारी से क्रियान्वित नहीं करता और योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती हैं। किसानों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए कृषि एवं आत्मा योजना में अलग-अलग उपसंचालक पद की शीघ्र नियुक्ति की जाए। बाजरा को समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। जिला मुख्यालय पर कृषि विज्ञान केन्द्र खोला जाए। भिण्ड जिले के लिए सोलर पंप पर 7.30 हॉर्सपावर की जगह 15 हॉर्सपावर पर छूट दी जाए। प्रतिनिधि मण्डल में नमोनारायण दीक्षित, कुलदीप सिंह भदौरिया, लक्ष्मण सिंह नरवरिया, गंभीर सिंह भदौरिया, भूरेसिंह यादव आदि मौजूद थे।


