– निबंध प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
भिण्ड, 12 जनवरी। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में भीम नगर युवा मंडल द्वारा माय भारत केन्द्र भिण्ड के निर्देशन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त बनाना रहा। आयोजन में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, आदर्शों एवं युवाओं के कर्तव्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में रीना कुमारी पुत्री भोलाराम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रिया गर्ग पुत्री अरविंद कुमार द्वितीय एवं नरेंद्र सिंह पुत्र महाराज सिंह तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भूतपूर्व टीआई हुकम सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ओबीसी महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र बघेल, वार्ड 4 की पार्षद सुनीता कौशल, योग प्रशिक्षक सुनील एवं नीरज गर्ग शामिल रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का दर्शन आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक है और उनके विचार आत्मनिर्भर, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्त युवा तैयार करने में सहायक हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीम नगर युवा मंडल के सचिव नीरज गर्ग ने की। उन्होंने युवाओं को नशामुक्ति, शिक्षा, योग एवं सामाजिक सेवा से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान योग, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली पर भी चर्चा की गई। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी युवाओं के लिए ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।


