– अभियान 106 प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं पर होगा केन्द्रित
– ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्रों में आधार पंजीयन/ संशोधन हेतु लगेंगे शिविर
भिण्ड, 12 जनवरी। आमजन की समस्याओं को हल करने तथा विकास योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रदेश भर में 12 जनवरी से 31 मार्च तक संकल्प से समाधान अभियान चलाया जाएगा।
इस संबंध में सीईओ जिला पंचायत भिण्ड सुनील दुबे ने बताया कि भिण्ड जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 106 प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं पर केन्द्रित होगा। अभियान का उद्देश्य शासन के समस्त विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं का पूरा लाभ ग्राम पंचायतों/ नगरीय निकायों/ तहसील एवं जिला स्तर पर जिले के पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में प्रदत्त किया जाना है। अभियान अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्रों में आधार पंजीयन/ संशोधन हेतु शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा।
संकल्प से समाधान अभियान चार चरणों में चलेगा। अभियान के प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड तथा ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर आमजनता से आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नोडल अधिकारी तैनात रहेगा। सभी आवेदन पत्रों को नोडल अधिकारी के माध्यम से पोर्टल पर दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा चरण 16 फरवरी से 16 मार्च तक चलेगा। इस चरण में ग्राम पंचायतों के क्ल्स्टर और नगरीय निकायों में शिविर लगाकर आमजनता को आवेदन पत्रों के निराकरण की जानकारी दी जाएगी। निराकरण की जानकारी पोर्टल पर भी दर्ज की जाएगी। अभियान का तीसरा चरण 16 मार्च से 26 मार्च तक चलेगा। इस चरण में ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्र के वार्डों में शिविर लगाकर आवेदन पत्रों का निराकरण किया जाएगा। अभियान के चौथे चरण में 26 मार्च से 31 मार्च तक जिला स्तर पर शिविर आयोजित करके पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा।

