भिण्ड, 07 जनवरी.मनीष दुबे।
भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड एवं द हाई केयर सेंटर ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. आशीष चौहान के पिताजी की नौवीं पुण्य स्मृति में नि:शुल्क हृदय रोग परामर्श एवं निदान शिविर का आयोजन बड़े हनुमान मंदिर परिसर अटेर रोड भिण्ड में किया गया। इस शिविर में डॉ. आशीष चौहान ने 154 रोगियों का परीक्षण करते हुए उनको उपचार परामर्श के साथ नि:शुल्क ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि परीक्षण किया। साथ ही मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। सर्वप्रथम सभी अतिथियों द्वारा हनुमान मन्दिर में पूजा अर्चना की गई, तत्पश्चात स्व. जेसीएस चौहान के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर शिविर का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर डॉ. राधेश्याम शर्मा ने रोगियों को हार्ट से संबंधित समस्याओं पर जानकारी देते हुए जागरूक किया। डॉ. आशीष चौहान ने स्वास्थ्य संबंधी सलाह के साथ हृदय रोग से बचाव के संबंध में जानकारी देते हुए सभी मरीजों का परिक्षण किया। इस अवसर पर जयप्रकाश शर्मा, राजमणि शर्मा, कमलेश संधिया, डॉ. साकार तिवारी, वीरेन्द्र जोशी, अश्विनी दंडौतिया, अनिल शर्मा वकील, मधुकांता चौहान, कमलकिशोर शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।


