– शीत लहर के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए किया आदेश
भिण्ड, 07 जनवरी.मनीष दुबे। मप्र शासन महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्रालय बल्लभ भवन भोपाल के पत्र के परिपालन में कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने वर्तमान में शीत ऋतु में शीत लहर के कारण आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र के संचालन का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आंशिक परिवर्तन किया है। जिसमें आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने का समय सुबह 10 बजे, बच्चों के नाश्ता का 10:15 बजे, बच्चों के भोजन का समय दोपहर 12:30 बजे तथा बच्चों की आंगनबाड़ी केन्द्र की छुट्टी 2 बजे रहेगा। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गृह भेंट, अभिलेखों का संधारण एवं अन्य गतिविधियों का संचालन पूर्ववत रहेगा। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।


