– कलेक्टर ने कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों के लिए किया अवकाश घोषित
भिण्ड, 06 जनवरी। भिण्ड जिले में इस समय हाड़ गलाने वाली सर्दी पड़ रही है, यहां घने कोहरे के साथ पारा सात डिग्री पर पहुंच गया है। अत्याधिक सर्दी व शीत लहर के चलते कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने भी सात एवं आठ जनवरी को दो दिन का स्कूली अवकाश घोषित कर दिया है।
भिण्ड जिले में की सोमवार देर रात से ही पूरा जिला घने कोहरे की चपेट में है। बादल छंटने के बाद अब सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। दिनभर 5 से 7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपा दिया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले एक-दो दिन तक कोहरे और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। बीते सोमवार रात करीब आठ बजे के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में कोहरा छाने लगा था। रात बढ़ने के साथ कोहरे की चादर और घनी होती चली गई। हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में 30 फीट की दूरी पर भी कुछ साफ दिखाई नहीं दे रहा था। विजिबिलिटी कम होने से सड़कों पर वाहन चालकों को बेहद धीमी गति से चलना पड़ा। कई स्थानों पर लोग फॉग लाइट और मोबाइल टॉर्च का सहारा लेते नजर आए।
मंगलवार सुबह सैर के लिए निकले लोगों को कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे का सामना करना पड़ा। पार्कों, मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में दृश्यता बेहद कम रही। सुबह के समय कोहरे का घनत्व 40 से 50 फीट के बीच दर्ज किया गया, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। खासकर दुपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। तापमान में गिरावट और सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर काफी बढ़ गया है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव की सलाह दी जा रही है।
अत्यधिक सर्दी को दृष्टिगत रखते हुए आज और कल रहेगा अवकाश
वर्तमान में पड़ रही अत्यधिक सर्दी, शीतलहर एवं तापमान में आई गिरावट तथा मौसम विभाग के पूर्वानुमान को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने भिण्ड जिले में संचालित समस्त शासकीय/ अशासकीय/ सीबीएसई/ आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं समस्त बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों की कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों का, पूर्व में जारी आदेश के अनुक्रम में 7-8 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। विद्यालयीन शिक्षक/ स्टाफ नियमित समय पर अपनी संस्था पर उपस्थित होकर अन्य शासकीय कार्य एवं प्रशासकीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे। पूर्व से निर्धारित महत्वपूर्ण गतिविधियाँ तथा परीक्षाएं (यदि कोई हों) यथावत संचालित रहेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।


