– दोपहर में नो इंट्री जोन का मिला आश्वासन
भिण्ड, 05 जनवरी.मनीष दुबे ।
ग्वालियर भिण्ड हाईवे पर शहर में बायपास के हादसों में मृतक परिवार को मुआवजा आदि समस्याओं को लेकर भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के नेतृत्व में समाज सेवियों और भूतपूर्व सैनिकों ने कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा को ज्ञापन सौंपा।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में भारतीय पूर्व सैनिक संगठन के जिला संयोजक सुनील फौजी ने बताया कि कल बायपास पर जो हादसा हुआ, सभ्य समाज में इस तरह के हादसे बर्दाश्त नहीं किए जा सकते, हम सभी भूतपूर्व सैनिक, समाजसेवी जिला प्रशासन के साथ मिलकर आमजन को यातायात सुरक्षा को लेकर जागरूक करेंगे। साथ ही 4 जनवरी को हुए हादसे में दौलतपुरा मिहोना निवासी ममता कुशवाह उम्र 55 साल उनके 22 वर्षीय बेटे छोटे कुशवाह की बायपास हादसे में मृत्यु हो गई है, परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। जिला प्रशासन से मांग है कि परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही ग्वालियर भिण्ड हाईवे पर दिन में भारी वाहनों पर रोक लगाई जाए, बायपास पर जलभराव की समस्या हल की जाए, स्थाई अस्थाई अतिक्रमण हटाया जाए, हाईवे निर्माण से संबंधित कार्रवाई में तेजी लाई जाए। इन बिंदुओं को लेकर भिण्ड कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। साथ ही सार्थक चर्चा की। कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि दोपहर में भारी वाहनों को नो इंट्री जॉन घोषित करेंगे, साथ ही शादियों के सहालग के समय नियत दिनांक को भारी वाहनों पर रोक लगाएंगे, अतिक्रमण और जल भराव की समस्या को जल्दी खत्म किया जाएगा।
समाज सेवी सुनील फौजी ने बताया कि कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के आश्वासनों से उम्मीद है, हादसों को रोकने को प्रशासन उचित कदम उठाएगा। ज्ञापन देने वालों में इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन ब्लॉक अध्यक्ष महेश करारिया फौजी, सूबेदार अनंतराम प्रजापति, समाजसेवी कुलदीप सिंह भदौरिया बरही, अरविन्द शर्मा दतावली, आलोक यादव मदनपुरा, सूबेदार राजेश शर्मा, बंटी जादौन, कमलेश प्रजापति, धर्मेन्द्र सिंह तोमर सर्वा आदि शामिल रहे।


