– नपा में बर्खास्त कर्मचारी ने 99 लोगों को बांटे नियुक्ति पत्र
भिण्ड, 04 जनवरी.मनीष दुबे ।
नपा के बर्खास्त दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी अतुल श्रीवास्तव उर्फ कल्लू श्रीवास्तव ने सीएमओ के फर्जी हस्ताक्षर कर 99 लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए। मामले का खुलासा होने पर सीएमओ यशवंत वर्मा ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि जैसे ही भिण्ड नगर पालिका सीएमओ को इस बात की भनक लगी तो उन्होंने 9 दिसंबर 2025 को एक सार्वजनिक सूचना जारी की थी। इसमें अपील की गई थी कि यदि आरोपी ने किसी को नियुक्ति पत्र दिया है, तो वे सात दिन के भीतर कार्यालय में सूचना दें। इसके बाद पता चला कि करीब 9 लोग इस ठगी का शिकार हुए हैं। इनमें से 4 लोगों ने विवेक नामक व्यक्ति के जरिए संयुक्त आवेदन दिया, जबकि बाकी पीड़ितों ने अलग-अलग और संयुक्त रूप से शिकायत की। शिकायत के मुताबिक आरोपी अतुल श्रीवास्तव ने सीएमओ के फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार किए। उसने नगर पालिका के अलग-अलग पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूले और उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिए। प्रारंभिक जांच में ठगी की कुल राशि एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। सीएमओ यशवंत वर्मा की शिकायत पर आरोपी अतुल श्रीवास्तव के खिलाफ शनिवार शाम को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ठगी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


