– आदर्श उपनगर में हिन्दू सम्मेलन संपन्न
भिण्ड, 04 जनवरी। भिण्ड नगर के आदर्श उपनगर में सकल हिन्दू समाज द्वारा एक विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन बद्रीप्रसाद की बगिया हाउसिंग कॉलोनी में किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में मातृ शक्ति एवं जनसमुदाय की उपस्थिति ने हिन्दू सम्मेलन को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन संत हरिओम आनंद सरस्वती महाराज ने किया। कार्यक्रम मे मुख्य वक्ता नवल सिंह भदौरिया प्रांत मंत्री विश्व हिंदू परिषद ने अपने संबोधन में संघ की शताब्दी यात्रा और संगठन की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए हिंदू समाज को एकजुट करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ईश्वर सर्वव्यापी है हम सभी इसके अंश हैं, यह एक गहरा आध्यात्मिक विचार है, जिसका मतलब है कि ईश्वर हर जगह मौजूद है और हम सब उसी के एक परम सत्ता के छोटे हिस्से या चेतना का रूप है, जो हमारे अंदर समाहित है। यह अवधारणा हमें ब्रह्मांड की एकता और अपनी दिव्यता का एहसास कराती है। कार्यक्रम में मातृशक्ति के रूप में वक्ता डॉ. उमा राजोरिया ने कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से परिवारों को संस्कारों से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ लगाने जल बचाने तथा समाज को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील की साथ ही सामाजिक समरसता पर बल देते हुए भेदभाव मिटाकर गौरवशाली इतिहास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सम्मेलन में मंचासीन अतिथि ब्रह्मकुमारी राजयोगिनी मुन्नी दीदी ने कहा कि विराट हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आत्मा को जागृत करना है। सम्मेलन में सम्मिलित होने से हमारी सुषुप्त शक्तियां जागृत होती हैं। जिसमे सभी मिलकर कार्य करते हैं, वह ही हिन्दू सम्मेलन कहलाता है। कार्यक्रम मे संयोजक जगत नारायण शिवहरे भी मंचासीन रहे। उक्त हिंदू सम्मेलन में सामाजिक संस्थाएं, वरिष्ठ नागरिक सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। सम्मेलन में मातृ शक्ति की भारी उपस्थिति ने समाज की अटूट एकजुटता का प्रमाण दिया।


