– केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के जन्मदिवस पर दिया सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश
भिण्ड, 01 जनवरी.मनीष दुबे ।
नववर्ष तथा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक प्रेरणादायी सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन कर मानवता, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भाजपा के वरिष्ट नेता सुनील दुबे ने दिया।
उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत अनाथ आश्रम से की, जहां सदस्यों ने आश्रम में रह रहे बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें नए वस्त्र वितरित किए। बच्चों को वस्त्र पाकर अत्यंत प्रसन्नता हुई और उनके चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। इस दौरान बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों के बारे में भी जानकारी ली गई तथा भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष भाजपा प्रदीप सिंह भदौरिया टीपू, प्रदीप सिंह राजावत सरपंच, व्यापारी वर्ग के अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल बाबूजी, हरिकिशन चैधरी हैरी, सिद्धार्थ जैन, सीताराम सोनी, तरुण कुमार सोनी, श्यामसुंदर गुप्ता, सुनील शर्मा, महेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रिंस दुबे, कोषाध्यक्ष संदीप पराशर, सत्यम सोनी ने संबोधन दिया।
इसके पश्चात सेवादल वृद्धाश्रम पहुंचा, जहां वृद्धजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं जीवन से जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। वृद्धजनों के सम्मान और देखभाल को ध्यान में रखते हुए आश्रम परिसर में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। जिसमें वरिष्ठ डॉ. शैलेन्द्र परिहार एवं डॉ. पूनम यादव ने वृद्धजनों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की। जिसमें रक्तचाप, शुगर, वजन आदि की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया।
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नववर्ष और सिंधिया के जन्मदिवस जैसे अवसर केवल उत्सव मनाने तक सीमित न होकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाने का माध्यम बनने चाहिए। सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। अंत में सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया। यह आयोजन समाज के प्रति उत्तरदायित्व, करुणा और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण बना, जिसने सभी को प्रेरित किया। अंकित दुबे जी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अभिषेक शर्मा, सार्थक सेंगर, मृदुल तोमर, हर्षित, वैभव आदि उपस्थित रहे।


