– आईटीआई भिण्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
भिण्ड, 31 दिसम्बर.मनीष दुबे।
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया, विशेष रूप से साफ-सफाई, मशीनरी और छात्र प्रशिक्षण पर जोर दिया। साथ ही नवीन ट्रेड प्रारंभ करने के लिए शासन से आवश्यक पत्राचार हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कार्यशालाओं में कई मशीनें छोटी-मोटी खराबी के कारण बंद पड़ी हैं, जिससे छात्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आईटीआई प्राचार्य व स्टाफ को मरम्मत कराने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि छात्रों की स्किल ट्रेनिंग इतनी प्रभावी होनी चाहिए कि प्रशिक्षण पूरा होते ही उन्हें पहली ही कोशिश में नौकरी मिल जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आईटीआई का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करना है, इसलिए कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साफ-सफाई की कमी पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने परिसर को हमेशा स्वच्छ व व्यवस्थित रखने के आदेश दिए। आईटीआई कैंपस में संचालित विभिन्न ट्रेडों जैसे इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर आदि की मशीनों का व्यक्तिगत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि कई उपकरण जंग लग चुके हैं या रखरखाव की कमी से निष्क्रिय हैं, उनको दुरुस्त कराने निर्देश दिए। आईटीआई बालक छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रावास चालू करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।


