– मनुस्मृति के साथ गिरफ्तारी देने पहुंचे परशुराम सेना के जिला उपाध्यक्ष
भिण्ड, 30 दिसम्बर.मनीष दुबे ।
परशुराम सेना के जिला उपाध्यक्ष विनीत शर्मा उर्फ बंटी पुरोहित के विरुद्ध दर्ज कर गई एफआईआर के विरोध मंगलवार को परशुराम सेना, श्रीराम सेना और सवर्ण आर्मी के पदाधिकारी हाथों में मनुस्मृति लेकर कोतवाली थाना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी की और मनुस्मृति के साथ गिरफ्तारी दी। विनीत शर्मा उर्फ बंटी पुरोहित ने खुद गिरफ्तारी दी, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।
ज्ञात रहे कि रविवार को प्रदर्शन के दौरान परशुराम सेना के जिला उपाध्यक्ष विनीत शर्मा उर्फ बंटी पुरोहित ने परेड चौराहे पर भीमराव अंबेडकर का पोस्टर जलाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद जब अन्य पदाधिकारी परेड चौराहे पर विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे तो पुलिस ने अंबेडकर की आत्मकथा जलाने के प्रयास को भी रोक दिया। इसके बाद भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव किया और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने परशुराम सेना के जिला उपाध्यक्ष विनीत शर्मा उर्फ बंटी पुरोहित के विरुद्ध एफआईआ दर्ज कर ली थी।
ग्रंथों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे
इस मौके पर परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने कहा कि देश संविधान से चलता है, लेकिन हमारे संस्कार ऋषि-मुनियों द्वारा रचित ग्रंथों से जुड़े हैं। मनुस्मृति जैसे ग्रंथ का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं विनीत शर्मा ने कहा कि उन्हें किसी जाति या धर्म से विरोध नहीं है, लेकिन हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा। पूर्व पार्षद मुकेश गर्ग ने कहा कि भिण्ड जिले में जातिगत तनाव जैसा कोई माहौल नहीं है और सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक फायदा उठाने के लिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
थाने के घेराव में परशुराम सेना अध्यक्ष देवेश शर्मा, राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी अध्यक्ष रिशेन्द्र सिंह राजावत, विनीत शर्मा बंटी, राम सेना के रोमी चौहान, गौरव दीक्षित, राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन से शुभम पचौरी, शिंभू सिंह, सोमेश शर्मा, रॉकी तोमर, जीतू जामपुरा, रामनरेश जादौन, बांकेबिहारी शर्मा, अनुराग भदौरिया, राजीव तोमर, अवधेश शिवहरे, भूरे दीक्षित, अमित बौहरे, करणी सेना से आदित्य भदौरिया, शिवम त्रिपाठी समेत सैकड़ों लोग एकत्रित थे।


