-पार्षद उपचुनाव में मेहंगाव बूथ पर हुई धांधली के विरोध में कांग्रेस ने कलेक्टर एवं एसपी को सौंपा पत्र
भिण्ड, 30 दिसम्बर। नगर परिषद मेहंगाव के वार्ड क्र.5 में पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव में वोटिंग के दौरान भाजपा नेताओं पर फर्जी तरीके से मतदान कराने का ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने आरोप लगाया। उनके नेतृत्व में पार्षद पद उमीदवार रामजीलाल उर्फ रामा वाल्मीकि एवं कांग्रेस प्रतिनिधि मण्डल ने कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव को पत्र सौंपकर शिकायत की।
जिलाध्यक्ष बघेल ने कहा कि वोटिंग शुरू होते ही भाजपा के पदाधिकारियों ने पोलिग बूथ पर जाकर बड़े पैमाने पर फर्जी मतदान कराया। इसकी शिकायत तुरंत एसडीएम मेहंगाव नवनीत शर्मा और एसडीओपी संजय कोच्छा व टीआई मेहंगाव महेश शर्मा को दी गई, लेकिन उन्होंने भाजपाई कार्यकर्ताओं को फर्जी मतदान करने से नहीं रोका। जिसके बाद थाना मेहंगाव के सामने सुबह 11 बजे से शाम 7:30 बजे तक कांग्रेसजनों ने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मिलकर लोकतंत्र खत्म करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की गरिमा को बचाने के लिए किसी भी स्तर पर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है,और लड़ाई लड़ती रहेगी।
पार्षद उम्मीदवार रामजीलाल उर्फ रामा वाल्मीकि ने कलेक्टर को आवेदन देकर रीपोल कराने की मांग की और पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में शिकायत की कि भाजपा नेताओं के इशारे पर टीआई मेहंगाव ने उनपर और उनके परिजनों को डराया और धमकाया गया, यहां तक कि प्रत्याशी का अधिकृत अभिकर्ता को पोलिग बूथ से दूर खदेड़ दिया गया। प्रत्याशी ने शिकायत में यह भी कहा कि उनकी वृद्ध मां को गालियां देते हुए अभद्र व्यवहार किया गया और धमकियां दी गई। उन्होंने टीआई मेहंगाव के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन देने वाले कांग्रेस प्रतनिधि मंडल में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, महेश जाटव, पंकज त्रिपाठी, अरविंद यादव, सुनील शर्मा, संदीप बघेल, रोहित अर्गल, प्रमोद बघेल आदि उपस्थित रहे।


