भिण्ड, 29 दिसम्बर.मनीष दुबे।
राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार राज्य योजनांतर्गत विभागीय परिसंपत्तियों संधारण योजनांतर्गत जिले की 89 शालाओं की मरम्मत एवं आर्कषक बनाए जाने हेतु कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा द्वारा प्रशासकीय प्रदाय कर दी गई है। जिस पर लगभग एक करोड़ 9 लाख व्यय होने की संभावना है, उक्त मरम्मत कार्य 31 मार्च 2026 के पूर्व पूर्ण करवाए जाएंगे।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला परियोजना समन्वयक महेन्द्र सिंह सौजन्या, सहायक यंत्री रविशंकर शर्मा द्वारा विकास खण्डवार शालाओं की मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मरम्मत कार्य के अतिरिक्त हैण्डपंप की स्थिति, शाला की रंगाई-पुताई, छात्र उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं शिक्षकों की उपस्थिति के साथ-साथ बच्चों की शैक्षणिक स्तर को भी देखा जा रहा है। उपरोक्त बिन्दुवार निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर तत्समय ही संबंधित विभागों को पत्र जारी किए गए। स्वसहायता समूहों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं। शाखा से संबंधित अधिकारी, कर्मचारियों को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानाध्यापकों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए जा रहे हैं कि मेरे द्वारा पुन: निरीक्षण में यदि इस प्रकार की पुनरावृत्ति पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपयंत्री को निर्देशित किया कि कार्य प्रारंभ होने के पूर्व एवं कार्य पूर्ण होने के उपरांत का जियो टैग फोटो शाला प्रबंधन समिति द्वारा संधारित किए जाएंगे एवं उसकी प्रति जिला शिक्षा केन्द्र एवं राज्य शिक्षा केन्द्र को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी आपकी होगी तथा वित्तीय व्यय भण्डार क्रय नियम का पालन करते हुए करने एवं अभिलेख संधारण के लिए शाला प्रबंधन समिति पूर्णत: उत्तरदायी होंगे।

