– ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला दतिया का आयोजन
दतिया, 24 दिसम्बर। विद्या भारती मध्य भारत प्रांत से संबद्ध ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला दतिया द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालयों की एक दिवसीय संकुल स्तरीय कार्यशाला उपरांय-भगुवापुरा में संपन्न हुई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालय के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आना चाहिए। हमारे भैया बहिन अपने परिवार और समाज में कुछ नवाचार कर अपने गांव का नाम रोशन करें। हमारे विद्यालय समाज चेतना, स्वावलंबन, स्वदेशी जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण जन जागरूकता के केन्द्र बनना चाहिए। उन्होंने विद्यारंभ संस्कार, परीक्षा परिणाम, शिशु वाटिका की 12 शैक्षिक व्यवस्थाएं, पंच परिवर्तन, शैक्षिक भ्रमण, ग्रीष्म कालीन प्रशिक्षण, संसाधन वृद्धि, शैक्षिक गुणवत्ता, कार्य विस्तार, व्यक्तित्व विकास, पूर्व छात्र सम्मेलन, प्रवेश पंजीयन अभियान आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और चर्चा की। इस अवसर पर जिला सह सचिव राजेश गुप्ता, विद्यालय के संयोजक रामसेवक सोनी, संकुल प्रमुख रामप्रसाद राठौर, अरविन्द दुबे, संजय सिंह रावत, संयोजक मण्डल के पदाधिकारी, प्रधानाचार्य, वरिष्ठ आचार्य दीदी उपस्थित रहे। सभी अपेक्षित विद्यालयों की सहभागिता रही।


