– राष्ट्रीय महासचिव हरीश चौधरी एवं राष्ट्रीय सचिव संजना जाटव आएंगे
– नेताद्वय का ग्वालियर से भिण्ड तक जगह-जगह होगा भव्य स्वागत
भिण्ड, 23 दिसम्बर.मनीष दुबे । जिला कांग्रेस कमेटी शहर व ग्रामीण की संयुक्त जिला समन्वय समिति एवं मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षात्मक बैठक 29 दिसंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय के बगल से संस्कृति मैरिज गार्डन में आयोजित की जाएगी। जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी राष्ट्रीय महासचिव व मप्र प्रभारी हरीश चौधरी एवं राष्ट्रीय सचिव व मप्र सहप्रभारी सांसद संजना जाटव मुख्य अतिथि रहेंगे। ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल एवं शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया पिंकी के अलावा जिले के विधायक, प्रदेश व जिला पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेतागण सम्मिलत होंगे।
जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव व मप्र प्रभारी हरीश चौधरी एवं राष्ट्रीय सचिव व सहप्रभारी सांसद संजना जाटव 29 दिसंबर को ग्वालियर से सुबह 10 बजे सड़क मार्ग से चलकर मालनपुर, गोहद, मेहंगाव होते हुए 12 बजे भिण्ड जिला कांग्रेस कार्यालय पर पहुंच कर जिला समन्वय समिति एवं दोपहर 2 बजे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) की समीक्षा करेंगे। कांग्रेस नेताओं के आगमन पर ग्वालियर से भिण्ड तक जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा।


